‘योग संगम पोर्टल’ पर हुए 50 हजार से अधिक पंजीकरण, आयुष मंत्रालय ने दी जानकारी

Summary :

योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ थीम के साथ योग संगम की तैयारी

आयुष मंत्रालय ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले बताया कि 50,000 से अधिक संगठनों ने योग संगम के लिए पंजीकरण किया है। यह आयोजन 21 जून को होगा और इसका थीम ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ है। राजस्थान सबसे आगे है। यह सामूहिक भागीदारी का नया रिकॉर्ड है और एक लाख स्थानों पर आयोजन की उम्मीद है।

11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) से पहले, आयुष मंत्रालय ने बताया कि देशभर के 50,000 से अधिक संगठनों ने योग संगम का हिस्सा बनने के लिए पंजीकरण कराया है।

यह सामूहिक भागीदारी का नया रिकॉर्ड है। योग संगम का आयोजन 21 जून को सुबह 6 बजकर 30 मिनट से 7 बजकर 45 मिनट तक आयोजित होगा।

इस साल का थीम ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ है, जो एकता और स्वास्थ्य के लिए दुनिया को संदेश देता है।आईआईटी, आईआईएम, केंद्रीय विश्वविद्यालयों के साथ-साथ कई कॉर्पोरेट और निजी संगठन इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं।

राजस्थान 11,000 से अधिक संगठनों के पंजीकरण के साथ सबसे आगे है। तेलंगाना में 7,000 से ज्यादा और मध्य प्रदेश में करीब 5,000 पंजीकरण हुए हैं।

आयुष मंत्रालय ने कहा, “एक लाख से अधिक स्थानों पर योग दिवस के आयोजन की उम्मीद है। योग संगम 2025 भारत की प्राचीन योग विद्या का वैश्विक उत्सव है। हम नागरिकों, संस्थानों और समुदायों को एक साथ आने और स्वस्थ, सामंजस्यपूर्ण दुनिया के लिए योग करने की अपील करते हैं।”

योग दिवस का आयोजन लद्दाख की बर्फीली चोटियों से लेकर केरल के समुद्र तटों, स्कूल के मैदानों, दफ्तरों, रेलवे स्टेशनों और ऐतिहासिक मंदिरों तक होंगे।

योग संगम और योग दिवस के आयोजन का अभिनेता अनुपम खेर, मनोज जोशी, शिल्पा शेट्टी और रकुल प्रीत जैसी फिल्मी हस्तियों ने भी समर्थन किया है।

मंत्रालय ने बताया कि योग पोर्टल पर ऑनलाइन सुविधा के जरिए इन आयोजनों को ट्रैक किया जाएगा। इच्छुक संगठन इस पोर्टल पर अपने आयोजन के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। नागरिक आयुष मंत्रालय की वेबसाइट पर जाकर समूह या संगठन के तौर पर पंजीकरण कर सकते हैं।

21 जून को योग संगम आयोजन के बाद, भागीदारी का विवरण अपलोड करने पर आधिकारिक प्रशंसा पत्र भी मिलेगा।

वाराणसी में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ का संदेश

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.