International Yoga Day 2019: PM मोदी के साथ मोटू और पतलू ने भी किया योग

Summary :

झारखंड सरकार ने एक बयान में कहा, “बच्चों को योग की ओर आकर्षित करने के लिए मोटू और पतलू मैदान में मौजूद थे।”

पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मशहूर कार्टून पात्रों मोटू और पतलू ने भी योग किया। दोनों रांची के प्रभात तारा मैदान के मध्य में थे, जहां मोदी ने एक बड़े पैमाने पर आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया जिसमें 40,000 लोग शामिल हुए। 
झारखंड सरकार ने एक बयान में कहा, “बच्चों को योग की ओर आकर्षित करने के लिए मोटू और पतलू मैदान में मौजूद थे।” आपको बता दें कि योग सत्र लगभग 45 मिनट तक चला। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के साथ विभिन्न प्रकार के योगासन किये तथा दुनिया को संदेश दिया कि योग की कोई सरहद, जाति, संप्रदाय, रंग, धर्म या लिंग नहीं है बल्कि योग सबका है एवं सब योग के हैं। 
मोदी ने लोगों से कहा, “योग की कोई सरहद नहीं है, इसका कोई रंग नहीं है, योग की कोई आयु नहीं है, इंसकी कोई जाति या धर्म भी नहीं है। योग सबका है और सब योग के हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि योग से स्वास्थ्य उत्तम होता है और इसके लिये चार ‘प-कार’- पानी, पोषण, पर्यावरण एवं परिश्रम आवश्यक हैं। 
प्रधानमंत्री ने युवाओं के दिल की बीमारियों के चपेट में आने के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कहा, “योग इस बीमारी के रोकथाम में अहम भूमिका निभा सकता है इसलिये इस साल की थीम ‘योग फॉर हार्ट’ (हृदय के लिये योग) रखी गई है।” उन्होंने इस मौके पर कहा कि उनकी सरकार योग को पांच वर्षों में ड्राइंग रूम से बोर्ड रूम तक लेकर गई है। 
वही, पीएम मोदी के साथ झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुबर दास, आयुष मंत्री श्रीपद नाइक, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र केसरी सहित अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद थे। 

Desk Team