MP: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के एक उप महाप्रबंधक (डीजीएम) हनी ट्रैप का शिकार हो गए हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। भोपाल के साकेत नगर में रहने वाले भेल अधिकारी ने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त को एक पार्टी के दौरान शशांक वर्मा नामक एक ठेकेदार के माध्यम से उनका परिचय दो महिलाओं से हुआ था। दो दिन बाद उनमें से एक महिला ने भेल अधिकारी से होटल के कमरे में मुलाकात की।
वर्मा ने भेल अधिकारी के नंबर पर उसका अश्लील वीडियो भेजा। तब भेल अधिकारी को पता चला कि ठेकेदार ने होटल के कमरे में महिला के साथ उसकी मुलाकात को रिकॉर्ड कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वर्मा ने भेल अधिकारी को धमकी दी कि वह 25 लाख रुपये दे नहीं तो उसका अश्लील वीडियो ऑनलाइन कर दिया जाएगा। भेल अधिकारी ने दो किस्तों में 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए और बाकी रकम चुकाने के लिए कुछ और समय मांगा। हालांकि, वर्मा जो भेल अधिकारियों को जानता था, उस पर जल्द पैसे चुकाने का दबाव बनाता रहा।
जब अधिकारी ने वर्मा के कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया तो उसे एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने खुद को क्राइम ब्रांच विभाग का पुलिस अधिकारी बताया। उसने भेल के डीजीएम को सलाह दी कि वह वर्मा की मांग मान ले, नहीं तो उस पर बलात्कार का आरोप लगाया जाएगा। भेल अधिकारी ने आखिरकार वर्मा के खिलाफ स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और बुधवार को उन्हें पूरी कहानी बताई। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रद्धा तिवारी ने कहा कि भेल अधिकारी से शिकायत मिलने के बाद, एफआईआर में नामजद दो महिलाओं सहित आरोपियों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं।
पूरे मामले को लेकर डीसीपी ने कहा, हमने शशांक वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की है। हम उस व्यक्ति की भी तलाश कर रहे हैं जिसने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और शिकायतकर्ता से पैसे मांगे। जांच अभी जारी है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



