मुंबई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी है कि मुंबई से बेंगलुरु के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।
सीएम फडणवीस ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए दी। यह नई ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) मुंबई से केएसआर बेंगलुरु सिटी जंक्शन तक चलेगी। यह सेवा खास तौर पर इन दो बड़े शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए गेम-चेंजर साबित होगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार, यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रातभर की यात्रा को तेज और आधुनिक बनाएगी। अभी जहां पारंपरिक ट्रेनों जैसे उद्यान एक्सप्रेस से यह सफर पूरा करने में 22 से 24 घंटे लगते हैं, वहीं इस नई ट्रेन के जरिए यात्रा का समय घटकर करीब 13 से 15 घंटे रह जाएगा।
इस ट्रेन का संभावित रूट भी तय किया जा रहा है। फिलहाल यह पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी और वाडी होते हुए चल सकती है। खासतौर पर कलबुर्गी वाला रूट ज्यादा पसंद किया जा रहा है क्योंकि यह 1,136 किलोमीटर का छोटा और पूरी तरह से विद्युतीकृत मार्ग है।
ट्रेन की बनावट भी बेहद आधुनिक होगी। इसमें कुल 16 एसी कोच होंगे, जिनमें 823 यात्रियों के बैठने और सोने की सुविधा होगी। इनमें 11 एसी 3-टियर कोच, 4 एसी 2-टियर कोच और 1 एसी फर्स्ट क्लास कोच शामिल होगा। खास बात यह है कि फर्स्ट क्लास कोच में यात्रियों के लिए हॉट वॉटर शावर जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
सरकार का मानना है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन न केवल यात्रा को तेज बनाएगी बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं भी देगी। इससे मुंबई और बेंगलुरु के बीच यात्रा करना अब पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक और यादगार अनुभव होगा।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



