पटना : बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा है कि राज्य में न्याय के साथ विकास की गति ने रफ्तार पकड़ लिया है। राजधानी पटना पहुंचने में कम समय लगे, इसके लिये राज्य के विभिन्न भागों में पथों के जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में 14 मई को भोजपुर-बक्सर फोर लेन और बक्सर-बलिया के बीच गंगा नदी पर पुल के निर्माण कार्य का शुभारंभ होगा।
श्री यादव आज यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 13 मई को मध्य बिहार के जहानाबाद में पथ निर्माण से संबंधित दो सौ करोड़ रूपये की विविध योजनाओं का शिलान्यास किया जायेगा। आने वाले दिनों में बरसात के बाद मोकामा में नये 6 लेन पुल का निर्माण कार्य भी प्रारंभ किया जाना है।
राज्य सरकार विकास के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और इसमें केन्द्र सरकार भरपूर मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में गंगा पथ का कार्य पटना सिटी के क्षेत्र में प्रारंभ हो गया है जिससे शहरियों में हर्ष का वातावरण है।
सहयोग कार्यक्रम में पहुंचे पटना, जहानाबाद, गया, बांका, बेगूसराय एवं उड़ीसा में रहने वाले बिहार के अलावा राज्य के विभिन्न भागों से सैकड़ों ने लोगों ने अपनी फरियाद मंत्री के समक्ष रखी जिसमें से अधिसंख्य का उन्होंने तत्क्षण अधिकारियों को निदेशित कर निपटारा कर दिया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी पंकज सिंह, राकेश कुमार सिंह, आनंद मिश्र, अक्षय कुमार के अलावा अन्य स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



