मोदी ने नवीन पटनायक को दी बधाई, केंद्र के पूर्ण सहयोग का दिया आश्वासन

Summary :

मोदी ने अपने ट्वीट में कहा,”नवीन पटनायक जी को ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिये उन्हें और उनकी टीम को शुभकामनाएं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर नवीन पटनायक को शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास कार्य में केंद्र के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। नवीन पटनायक ने बुधवार को रिकॉर्ड पांचवें कार्यकाल के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। 
नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, “नवीन पटनायक जी को ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई । लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिये उन्हें और उनकी टीम को शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा, “मैं ओडिशा के विकास कार्य में केंद्र की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देता हूं।” 
गौरतलब है कि पटनायक ने भुवनेश्वर में संपन्न अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया था। पटनायक से पहले मात्र दो मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल में ज्योति बसु और सिक्किम में पवन कुमार चामलिंग ही पांच बार मुख्यमंत्री रहे हैं।
सत्ता विरोधी कारक और तेजी से भाजपा के उभार के चलते राजनीतिक विश्लेषकों की ओर से त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान जताए जाने के बावजूद पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की 147 विधानसभा सीटों में से 112 सीटों पर जीत दर्ज की, जो 2014 के विधानसभा चुनाव से सिर्फ पांच सीटें कम थीं । 

Desk Team