नरहरि जिरवाल मामले को लेकर विवाद तेज, शाइना एनसी ने की इस्तीफे की मांग

Summary :

मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजनीति में मंत्री नरहरि जिरवाल को लेकर विवाद तेज हो गया है। एक आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने भी उनके इस्तीफे की मांग कर दी है। शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नरहरि जिरवाल पहले भी गलत कारणों से चर्चा में रहे हैं। इससे पहले उनके कार्यालय से भ्रष्टाचार का मामला सामने आया था और अब यह आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। ऐसे में जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, उन्हें नैतिकता के आधार पर…

मुंबई, 26 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजनीति में मंत्री नरहरि जिरवाल को लेकर विवाद तेज हो गया है। एक आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने भी उनके इस्तीफे की मांग कर दी है।

शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नरहरि जिरवाल पहले भी गलत कारणों से चर्चा में रहे हैं। इससे पहले उनके कार्यालय से भ्रष्टाचार का मामला सामने आया था और अब यह आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। ऐसे में जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, उन्हें नैतिकता के आधार पर पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

इसी दौरान शाइना एनसी ने देश में बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने आईएएनएस से कहा कि दुनिया में कहीं भी युद्ध होता है तो उसका असर हर देश पर पड़ता है। इस समय पेट्रोल की कीमत करीब 94 रुपए प्रति लीटर है जबकि 14 किलो का एलपीजी सिलेंडर 913 रुपए में मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने घरों में एलपीजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू किया है। साथ ही, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को 300 रुपए की सब्सिडी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ब्लैक मार्केटिंग को खत्म करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज कई मामलों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, चाहे वह खारत केस हो या किसी अन्य नेता या मंत्री से जुड़ा मामला। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि हमारे सांस्कृतिक मूल्य सुरक्षित रहें और जो भी गलत काम करे, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

अशोक खारत मामले पर बोलते हुए शाइना एनसी ने कहा कि उनका कृत्य निंदनीय है और वह अपराधी हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि अगर उनके पास किसी भी तरह के शोषण से जुड़े वीडियो या जानकारी हो तो सामने आएं, ताकि दोषियों को सख्त सजा दी जा सके। उन्होंने कहा कि समाज में विकृत मानसिकता रखने वालों को उजागर करना बेहद जरूरी है।

वहीं, महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए शाइना एनसी ने ‘नारी शक्ति’ को देश का नया इतिहास बताया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल के जरिए लंबे समय से 33 प्रतिशत आरक्षण की बात होती रही है, लेकिन अब महिलाओं को केवल प्रतीक के रूप में नहीं देखा जा रहा, बल्कि उन्हें वास्तविक अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल हो रही हैं, चाहे वह सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा या रोजगार का क्षेत्र हो। शाइना एनसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है और आज ‘लाड़की बहन’ को देशभर में अवसर मिल रहे हैं।

–आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.