अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की जांच लगातार तेज होती जा रही है। मंगलवार को एनसीबी ने सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी और टैलेंट मैनेजर जया साहा को समन भेजकर बुधवार को जांच से जुड़ने को कहा है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। उल्लेखनीय है कि एनसीबी सुशांत की मौत मामले की जांच मादक पदार्थ के कोण से कर रही है।
अधिकारी ने कहा कि मामले के कुछ पहलुओं पर स्पष्ट तस्वीर प्राप्त करने के लिए एनसीबी ने श्रुति मोदी और जया साहा को जांच से जुड़ने के लिए तलब किया है। उन्होंने बताया कि दोनों को बुधवार को ड्रग मामले की जांच कर रही एनसीबी टीम के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है। उल्लेखनीय है कि अब तक एनसीबी ने मामले में सुशांत की लिव इन पार्टनर रिया चक्रवर्ती और उसके भाई शौविक चक्रवर्ती सहित 18 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इससे पहले श्रुति मोदी और जया साहा ने सीबीआई के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था जो सुशांत मौत मामले की अलग से जांच कर रही है। सुंशात मौत मामले में दोनों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और मुंबई पुलिस ने भी पूछताछ की थी। अधिकारी ने बताया कि ईडी की पूछताछ के दौरान रिया और जया साहा की कुछ चैट सामने आई थी।
गौरतलब है कि 34 वर्षीय राजपूत 14 जून को मुंबई के उपनगर बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में मृत मिले थे।


Download Android App
Download iOS App



