हाथरस जाते समय दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ हुई धक्कामुक्की मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने यूपी पुलिस से जवाब मांगा है। इससे पहले महाराष्ट्र बीजेपी उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने सीएम योगी से प्रियंका के साथ बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला आयोग ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रीय महिला आयोग प्रियंका गांधी के हाथरस जाते समय पुलिस द्वारा उनके साथ की गई कथित धक्कामुक्की की निंदा करता है। इस तरह का असंवेदनशील व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’ उसने कहा, ‘‘मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से जल्द से जल्द जवाब मांगा है।’’
आयोग के अनुसार, पत्र की एक प्रति गौतमबुद्ध नगर के जिला अधिकारी और पुलिस उपायुक्त को भेजी गई है। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ शनिवार दोपहर उस दलित युवती के परिवार से मिलने हाथरस जा रही थीं, जिसकी कथित रूप से सामूहिक बलात्कार एवं हमले के बाद मौत हो गई थी।
प्रियंका जब वहां जा रही थीं तो दिल्ली-उप्र सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान हेलमेट पहने हुए एक पुलिसकर्मी ने डीएनडी टोल प्लाजा पर प्रियंका को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने कांग्रेस महासचिव के परिधान पकड़कर उन्हें रोका।


Download Android App
Download iOS App



