रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (ए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने रविवार को दावा किया कि राजग को इस लोकसभा चुनाव में कम से कम 350 सीटें मिलेंगी। आठवले ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”पूरे देश में राजग को कम से कम 350 सीटें मिलेंगी।” उन्होंने कहा, ”नरेन्द्र मोदी लगातार दूसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और मुझे बहुत अच्छा मंत्रालय देंगे।”
जब उनसे सवाल किया गया कि मोदी की सरकार दोबारा आने पर यदि आपको रक्षा मंत्री बना दिया जाये तो आप क्या करेंगे, इस पर आठवले ने कहा, ”अगर रक्षा मंत्री मुझे बनाया जाता है तो मैं घुसकर पाकिस्तान में (आतंकवादियों को) मारूंगा।” रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (ए) राजग का घटक दल है।
उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी ने मध्य प्रदेश की पांच लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जिनमें सीधी से रामकृपाल बसोर, जबलपुर से कुलदीप अहिरवार, मुरैना से पतिराम शाक्य, सतना से रामनिवास सेन एवं रतलाम से उदय सिंह मचार शामिल हैं। आठवले ने बताया कि इन पांच सीटों को छोड़कर मध्य प्रदेश की अन्य सभी 24 सीटों पर हम भाजपा के प्रत्याशियों को समर्थन देंगे।
400 से ज्यादा सीट कर मोदी के नेतृत्व में फिर बनेगी राजग सरकार : CM योगी
रामदास आठवले ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन बेमेल है जो 2019 के लोकसभा चुनाव में सफल नहीं होगा। इस गठबंधन को जनता ने नकार दिया है। आठवले ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को 65 से अधिक सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि राजग महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर पूर्वी राज्यों एवं दक्षिण भारत में भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।


Download Android App
Download iOS App




