नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। नेपाल में हुए सड़क हादसे पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गहरा शोक प्रकट किया है। इस हादसे में तमिलनाडु के 7 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें इस दुखद घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ है और उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। साथ ही, संबंधित अधिकारियों और नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ मृतकों के पार्थिव शरीर को भारत लाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने लिखा, “नेपाल में हुई दुखद बस दुर्घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ, जिसमें तमिलनाडु के सात भारतीय तीर्थयात्रियों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।”
उपराष्ट्रपति ने आगे लिखा, “मैंने संबंधित अधिकारियों और नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से यह भी कहा है कि वे सभी आवश्यक सहायता प्रदान करें, जिसमें घायलों को मदद पहुँचाना और मृतकों के पार्थिव शरीर को वापस लाने की व्यवस्था करना शामिल है।”
बता दें कि यह दर्दनाक हादसा शनिवार को गोरखा जिले में हुआ था। भारतीय तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक माइक्रोबस जब तनाहुन जिले के अंबुखैरेनी इलाके (जो मनकामना मंदिर से थोड़ा पश्चिम में है) की ओर जा रही थी, तब शहीद लखन ग्रामीण नगरपालिका के कांतार इलाके में सड़क से फिसलकर एक खाई में गिर गई थी।
हादसे में मारे गए भारतीय तीर्थयात्रियों के शवों को जल्द स्वदेश लाने के लिए भारतीय दूतावास सक्रिय रूप से काम कर रहा है। भारतीय दूतावास ने कहा कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों ने बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, माइक्रोबस में सवार तीर्थयात्री मनकामना मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद लौट रहे थे तभी बस खाई में जा गिरी। इस हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई जबकि सात अन्य भारतीय तीर्थयात्री घायल हो गए।
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























