नेटफ्लिक्स सह-सीईओ टेड सारंडोस से मुलाकात पर बोले पीएम मोदी, ‘भारत वैश्विक कंटेंट हब बनने की क्षमता रखता है’

Summary :

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस से मुलाकात के बाद कहा कि भारत का मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र अपार संभावनाओं से भरा है। उन्होंने कहा कि देश की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा भारत को वैश्विक कंटेंट निर्माण का प्रमुख केंद्र बना सकती है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “टेड सारंडोस से मिलकर खुशी हुई। भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर चर्चा हुई। भारत की कहानी कहने की समृद्ध परंपरा और असाधारण रचनात्मक…

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस से मुलाकात के बाद कहा कि भारत का मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र अपार संभावनाओं से भरा है। उन्होंने कहा कि देश की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा भारत को वैश्विक कंटेंट निर्माण का प्रमुख केंद्र बना सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “टेड सारंडोस से मिलकर खुशी हुई। भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर चर्चा हुई। भारत की कहानी कहने की समृद्ध परंपरा और असाधारण रचनात्मक प्रतिभा हमारे देश को वैश्विक कंटेंट निर्माण का केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।”

इससे पहले नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और भारतीय कहानियों के वैश्विक प्रभाव पर चर्चा की। इस दौरान नेटफ्लिक्स ने भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए ‘नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव’ की घोषणा की।

इस पहल के तहत नेटफ्लिक्स भारत के प्रमुख संस्थानों के साथ रणनीतिक साझेदारी करेगा, ताकि एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स), गेमिंग और कॉमिक्स क्षेत्र में नई पीढ़ी के प्रतिभाशाली रचनाकारों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण और कौशल उपलब्ध कराया जा सके।

टेड सारंडोस ने कहा कि भारत हमेशा से दुनिया के महान कहानीकार देशों में रहा है। पिछले एक दशक में भारतीय कहानियों ने न केवल देश बल्कि दुनिया भर के दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाया है। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स का सबसे बड़ा निवेश उन लोगों में होगा, जो भारत की अगली पीढ़ी की कहानियां दुनिया तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि ‘नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव’ भारत के रचनात्मक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और उभरते रचनाकारों के लिए नए अवसर पैदा करने की दिशा में कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

पहल के पहले चरण में नेटफ्लिक्स, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (आईआईसीटी) के साथ मिलकर विजुअल इफेक्ट्स और मीडिया टेक्नोलॉजी से जुड़े उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम विकसित करेगा। साथ ही इंटरएक्टिव कॉमिक्स, कैरेक्टर एनीमेशन, वर्चुअल आर्ट, ई-स्पोर्ट्स और गेमिंग मैनेजमेंट जैसे कार्यक्रमों के लिए भारतीय छात्रों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।

दूसरे चरण में नेटफ्लिक्स, नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएफडीसी) के साथ मिलकर दिव्यांगजनों के लिए फिल्मों और वेब सीरीज को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से ऑडियो डिस्क्रिप्शन राइटर्स और वॉयस प्रोफेशनल्स को प्रशिक्षित करेगा।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.