नई दिल्ली: आठ नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी की घोषणा की थी, जिसमें 500 और हजार रुपये के नोटों को चलन से बाहर करने का ऐलान किया गया। इसके बाद 2000 और 500 रुपये के नए नोट जारी किए गए। इतना ही नहीं आरबीआई ने साल 2017 में 200 रुपये और 50 रुपये के नोट भी जारी किए। अब साल 2018 की शुरूआत के साथ ही आरबीआई ने शुक्रवार को 10 रुपये के नए नोट का फर्स्ट लुक जारी किया।
आइए जाने नए नोटों के बारे में
2000 रुपये का गुलाबी नोट: साल 2016 में नोटबंदी की घोषणा के बाद 2000 रुपये का नया नोट जारी किया गया। गुलाबी रंग के इस नोट ने खूब सुर्खियां बटोरीं। इस नोट पर एक तरफ महात्मा गांधी की तस्वीर है तो दूसरी तरफ मंगलयान की तस्वीर हैं। जिस तरफ मंगलयान की तस्वीर है उसके बाई तरफ नीचे स्वच्छ भारत का लोगो बना हुआ है। बता दें कि इन नोट की लंबाई पुराने नोटों के मुकाबले ज्यादा है। इसके साथ ही चौड़ाई पुराने 1000 और 500 रुपये के नोटों के मुकाबले कम है।
500 रुपये का हरा नोट: नोटबंदी की घोषणा के बाद 2000 रुपये के अलावा 500 रुपये के नए नोट भी जारी किए गए थे। इस नोट में भी सामने की तरफ महात्मा गांधी की तस्वीर है। इस नोट के पीछे की तरफ लाल किले की तस्वीर है। जिस पर तिरंगा लहरा रहा है. 2000 रुपये के नोट की तरह ही इसके पीछे भी स्वच्छ भारत का लोगो बना हुआ है। इस नोट की लंबाई पुराने और चौड़ाई पुराने 500 रुपये के नोट से कम है।
200 रुपये का हल्का पीला नोट: 200 रुपये के नए नोट की बात करें तो इसका रंग हल्का पीला है। इस नोट के सामने की तरफ भी महात्मा गांधी की तस्वीर है. वहीं इस नोट के पीछे शांति स्तूप की तस्वीर बनी हुई है। 2000 और 500 रुपये के पुराने नोट की तरह ही 200 के नए नोट के पीछे भी स्वच्छ भारत का लोगो बना हुआ है।
50 रुपये का फ्लोरोसेंट ब्लू नोट: 50 रुपये के नए नोट का रंग फ्लोरोसेंट ब्लू है। इस नोट के पीछे हम्पी के रथ की तस्वीर है। इसके साथ ही इस नोट पर भी स्वच्छ भारत का लोगो बना हुआ है।
10 रुपये का चॉकलेट ब्राउन नोट: आरबीआई ने शुक्रवार को 10 रुपये के नए नोट का फर्स्ट लुक जारी किया है और इसकी नई तस्वीर के मुताबिक उनका कलर चॉकलेट ब्राउन होगा। 10 रुपये के नए नोट महात्मा गांधी सीरीज के अंतर्गत आएंगे। दस के नोट में नया बदलाव ये होगा कि इसपर कोणार्क स्थित सूर्य मंदिर की तस्वीर लगी होगी। कहा जा रहा है कि आरबीआई ने पहले ही 10 रुपये के करीब 100 करोड़ नोट छाप लिए हैं और वे जल्द ही इन्हें चलन में भी उतारा जाएगा। हाल ही में केंद्र सरकार ने 10 रुपये के नये नोटों के डिजाइन पर सहमति दे दी है और अब जल्द ही इन नोटों के चलन में आने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



