पहली स्मार्ट सिटी बनी नया रायपुर

Summary :

NULL

रायपुर : छत्तीसगढ़ की नई राजधानी नया रायपुर को स्मार्ट शहर के तौर पर विकसित करने में सरकार ने सफलता पाई है। वहीं मौजूदा आधुनिक परिवेश की जरूरतों और स्मार्ट जीवन के अनुरूप ही नई राजधानी को तैयार किया गया है। नया रायपुर का विकास ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट के आधार पर इसी नजरिए से किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित इनोवेशन समिट में राज्य के प्रमुख सचिव अमन सिंह ने कुछ इसी तरह के दावे किए।

उन्होंने दावा किया कि नया रायपुर में रहवासियों के लिए बहु माडल परिवहन की सुविधा विकसित की गई है। वहीें सार्वजनिक परिवहन केन्द्र का भी विकास किया जा रहा है। इसके अलावा कमजोर लोगों के लिए आवास निर्माण के साथ इकोफे्रंडली शहर और युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था करने के भी दावे किए हैं। युवाओं के लिए रोजगार पर सरकार ने अधिक फोकस किया है। वहीं नए सिरे से इस मामले में योजना के तहत काम किए गए हैं।

प्रमुख सचिव ने कहा कि नया रायपुर शहर का विकास दूरगामी सोच, प्रशासनिक प्रतिबद्धता, आधुनिक तकनीक के साथ किया गया है। वहीं इसमें कुशल नेतृत्व का भी योगदान है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर देश के पहले स्मार्ट सिटी की परिकल्पना तैयार की गई। इसे वर्तमान में जमीनी स्तर पर क्रियान्वित होते देखा जा सकता है। शहर के विकास के लिए सबसे पहले चौड़ी सड़कों का जाल बिछाया गया।

वहीं बिजली और शुद्ध पेयजल मुहैया कराने की भी व्यवस्था की गई। सीवरेज व्यवस्था समेत विश्वस्तरीय शिक्षा एवं चिकित्सकीय व्यवस्था को लेकर भी सरकार के प्रयास सफल हुए हैं। सीएम के प्रमुख सचिव ने यह भी दावे किए कि नया रायपुर एक तरह से आदर्श और माडल बन गया है। गरीबों और अमीरों दोनों ही वर्ग के लिए यहां सुविधाओं के साथ आवास बनाए गए हैं। वहीं देश का सबसे पहला मानव निर्मित जंगल सफारी भी यहां बनाया गया है।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी  के साथ।

Desk Team