देश में ब्रिटेन से आए कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन का काफी तेजी से प्रसार हो रहा है। भारत में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के 5 और लोग संक्रमित पाए गए हैं, स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक ब्रिटेन के इस नए प्रकार के कोविड-19 वायरस से संक्रमितों की संख्या 25 पहुंच गई है। बता दें कि बुधवार को देश में नए वायरस से 14 लोग संक्रमित पाए गए थे। कोविड के नए स्ट्रेन के 5 नए मामलों में से 4 दिल्ली के हैं। नए स्ट्रेन से संक्रमित लोगों को राज्य सरकार की स्वास्थ्य सुविधाओं में क्वारंटाइन करके रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक जीनोम अनुक्रमण के बाद भारत में ब्रिटेन वाले कोरोना वायरस के कुल 25 मामलों का पता चला।स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि सभी 25 संक्रमित व्यक्तियों को हेल्थ फैसिलिटी में आइसोलेट किया गया है। बता दें कि बीते दिनों सबसे पहले ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिला था, जिसके बाद पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया। कोरोना वायरस का यह नया स्ट्रेन पिछले वायरस से भी ज्यादा घातक और संक्रामक है। ब्रिटेन में पाया गया यह नया कोरोना वायरस का स्ट्रेन 70 फीसदी ज्यादा संक्रामक है।
बता दें कि अमेरिका में भी ब्रिटेन के नए कोरोना स्ट्रेन के 2 मामले सामने आए हैं। भारत में इसकी पहचान के लिए केंद्र से लेकर राज्यों तक ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत सरकार ने ब्रिटेन में पाए गए वायरस के नए स्वरूप के मामलों का संज्ञान लिया और इसका पता लगाने के लिए अग्र सक्रिय एवं निवारक रणनीति अपनाई। ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों को 23 दिसंबर 2020 से 31 दिसंबर 2020 तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया और ब्रिटेन से हाल में लौटे यात्रियों की अनिवार्य रूप से जांच करवाने के निर्देश दिए।


Download Android App
Download iOS App



