आतंकवादी हमला : पुलवामा में एनआईए और सबूत करेगी एकत्र

Summary :

एनआईए के प्रवक्ता आलोक मित्तल ने बताया कि बेहतर उपकरणों के साथ एनआईए की एक टीम को जम्मू-कश्मीर पुलिस की मदद के लिए वहां भेजा गया है।

जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतिपोरा में गुरुवार को सीआरपीएफ जवानों के वाहनों पर हुए हमले के संबंध में और सबूत जुटाने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम बेहतर उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए शुक्रवार को रवाना हो गई है।

एनआईए के प्रवक्ता आलोक मित्तल ने बताया कि बेहतर उपकरणों के साथ एनआईए की एक टीम को जम्मू-कश्मीर पुलिस की मदद के लिए वहां भेजा गया है। उन्होंने बताया कि एनआईए की टीम ने विस्फोटक और फारेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर जाकर नमूने एकत्र किए थे और घटना की गंभीरता को देखते हुए टीम आज यानि शनिवार को भी नमूनों तथा सबूतों को एकत्र करेगी।

पुलवामा हमले को लेकर सरकार ने सभी पार्टियों की बुलाई एक बैठक

इसके बाद इनका विश्लेषण करने पर ही पता चल सकेगा कि विस्फोटकों की प्रवृति क्या थी। गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर बाद जब सीआरपीएफ के 2500 जवानों का काफिला 78 वाहनों में जम्मू से श्रीनगर जा रहा था तो एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी कार से जवानों के वाहनों को टक्कर मार दी थी जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे और कईं अन्य घायल हो गए थे।

Desk Team