यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना लगाए जाने को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि मुम्बई में ‘बांद्रा…वर्ली सी लिंक’ पर अधिक गति के लिए उन पर भी जुर्माना लगाया जा चुका है।
गडकरी ने मोदी सरकार द्वारा पहले 100 दिनों के दौरान लिये गए प्रमुख निर्णयों के बारे में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त करना और इस राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने का निर्णय (भाजपा) सरकार की ‘‘सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों’’ में एक है। उन्होंने कहा कि ‘‘तीन तलाक’’ को अपराध बनाना और संशोधित मोटर वाहन अधिनियम केंद्र सरकार की कुछ बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। गडकरी ने कहा, ‘‘यहां तक कि ‘सी लिंक’ पर अधिक गति के लिए मैंने भी जुर्माना भरा है।’’
COP 14 में बोले PM मोदी – जलापूर्ति बढ़ाना और जल पुनर्भरण जल रणनीति का हिस्सा
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा पिछले महीने मंजूर किये गए मोटर वाहन संशोधन अधिनयिम का उद्देश्य यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए कठोर दंड का प्रावधान करना और सड़कों पर अनुशासन लाना है। गडकरी ने कहा, ‘‘मोटर वाहन संशोधन अधिनियम पारित करना हमारी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। भारी जुर्माने से पारदर्शिता आएगी और इससे भ्रष्टाचार नहीं आएगा।’’ मंत्री ने कहा कि भारत में अधिक संख्या में दुर्घटनाएं होने का कारण ऑटो इंजीनियरिंग के साथ-साथ सड़क इंजीनियरिंग भी है।
उन्होंने सरकार के अन्य प्रमुख निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हमारी पहली उपलब्धि तीन तलाक विधेयक को पारित कराना और मुस्लिम महिलाओं के लिए न्याय सुनिश्चित करना है। यह एक ऐतिहासिक क्षण था।’’ उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1986 में शाह बानो मामले में विपक्षी दल (कांग्रेस) ने उच्चतम न्यायालय के फैसले को भी पलट दिया था। गडकरी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में गरीबी और भूख अनुच्छेद 370 के चलते थी। पाकिस्तान वहां एक छद्म युद्ध कर रहा है और आतंकवादी आतंक फैला रहे हैं। पथराव करने वालों की वित्तीय मदद की जाती है।’’ उन्होंने कहा,‘‘मेरा विभाग जम्मू कश्मीर में 60 हजार करोड़ रुपये के कार्यों का क्रियान्वयन कर रहा है जिसमें से अधिकतर सुरंग और सड़क निर्माण से संबद्ध हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



