भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला बड़ा दौरा, 27 और 28 जनवरी को बंगाल में करेंगे संगठन को मजबूत

Summary :

Nitin Nabin Bengal Visit: भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 27 और 28 जनवरी को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान वह पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करने पर जोर देंगे।  पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 27 जनवरी को नितिन नबीन दुर्गापुर में राज्य कोर टीम की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में पश्चिम बंगाल में संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। 28 जनवरी को उनका दिन पूरी तरह संगठनात्मक कार्यक्रमों…

Nitin Nabin Bengal Visit: भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 27 और 28 जनवरी को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान वह पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करने पर जोर देंगे।  पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 27 जनवरी को नितिन नबीन दुर्गापुर में राज्य कोर टीम की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में पश्चिम बंगाल में संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

28 जनवरी को उनका दिन पूरी तरह संगठनात्मक कार्यक्रमों से भरा रहेगा। सुबह वह दुर्गापुर पूर्वा के चित्रालय मेला मैदान में आयोजित बर्धमान विभाग कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। दोपहर बाद नितिन नबीन आसनसोल जिले के रानीगंज में जिला कार्यकर्ता बैठक में हिस्सा लेंगे, जहां वह जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश देंगे।

नितिन नबीन ने 20 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभाला था। उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से उन्हें ‘हमारे बॉस’ कहकर संबोधित किया था और उनकी सादगी और सहजता की खुलकर तारीफ की थी। पीएम मोदी ने कहा था कि नितिन नबीन के संपर्क में आने वाला हर व्यक्ति उनकी सरलता और जिम्मेदारी निभाने की क्षमता की चर्चा जरूर करता है।

 

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि चाहे भाजपा युवा मोर्चा में भूमिका हो, अलग-अलग राज्यों में प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी निभानी हो या बिहार सरकार में काम करने का अनुभव, नितिन नबीन ने हर जगह खुद को साबित किया है। अध्यक्ष बनने से पहले नितिन नबीन छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी और सिक्किम के प्रभारी के रूप में भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी संगठन की सेवा की है।

 

नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को रांची में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के वरिष्ठ नेता थे और पटना पश्चिम से चार बार विधायक रह चुके थे। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने उपचुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। पश्चिम बंगाल का यह दौरा उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राज्य स्तर पर पहला बड़ा संगठनात्मक कार्यक्रम माना जा रहा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है।

–आईएएनएस

ALSO READ: केंद्रीय बजट 2026 से उद्योगों की बड़ी उम्मीदें, मैन्युफैक्चरिंग, पीएलआई, निर्यात और निवेश पर हो फोकस

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.