नीतीश कुमार के अधूरे सपनों को पूरा करेंगे: निशांत कुमार

Summary :

पटना, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जदयू नेता निशांत कुमार गुरुवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और जनता का आशीर्वाद उनके साथ बना रहे। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद यह माना जा रहा था कि जदयू कोटे से निशांत कुमार प्रदेश में डिप्टी सीएम बन सकते हैं, लेकिन, ऐसा नहीं हो पाया। निशांत कुमार से जब मीडिया ने डिप्टी सीएम बनने…

पटना, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जदयू नेता निशांत कुमार गुरुवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और जनता का आशीर्वाद उनके साथ बना रहे।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद यह माना जा रहा था कि जदयू कोटे से निशांत कुमार प्रदेश में डिप्टी सीएम बन सकते हैं, लेकिन, ऐसा नहीं हो पाया।

निशांत कुमार से जब मीडिया ने डिप्टी सीएम बनने को लेकर सवाल किया तो वह टाल गए। उन्होंने कहा कि उनका फोकस बिहार को आगे बढ़ाना है। पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती देना है।

जदयू नेता ने बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम सम्राट भैया को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हैं। उनके नेतृत्व में राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार काम कर रही है और हम सभी उनके साथ मिलकर काम करेंगे। मेरे पिता का मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहेगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 साल में बहुत विकास कार्य किए हैं। हम पिताजी के कार्यों को जन-जन तक ले जाएंगे। पिताजी के अधूरे सपने को पूरा करेंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई में बिहार में नई सरकार का गठन हो गया है और मंत्रियों के बीच विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया है।

सीएम सम्राट चौधरी ने अपने पास सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन समेत कुल 29 विभाग रखे हैं। इसके साथ ही डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जनसंपर्क, भवन निर्माण, अल्पसंख्यक कल्याण समेत 10 विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही डिप्टी सीएम बिजेन्द्र प्रसाद यादव ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन समेत कुल 8 विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.