नीतीश कुमार ने राज्यपाल लालजी टंडन से की मुलाकात, होगा कल मंत्रिमंडल का विस्तार

Summary :

केन्द्र सरकार में बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को जगह नहीं मिलने के बाद अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।

केन्द्र सरकार में बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को जगह नहीं मिलने के बाद अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। 
श्री कुमार ने आज दोपहर राज्यपाल लालजी टंडन से राजभवन में मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, श्री कुमार ने राज्यपाल को कल होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में जानकारी दी है। कल साढ़ 11 बजे रिपीट साढ़ 11 बजे नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। 
सूत्रों ने बताया कि चार नए सदस्यों को मंत्रिमंडल में जगह दी जायेगी। मंत्रिमंडल में जगह पाने वालों में कांग्रेस का साथ छोड़ कर जदयू में आये विधान पार्षद अशोक चौधरी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) को छोड़ कर हाल ही में जदयू में शामिल हुये विधायक ललन पासवान और जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार के नाम की चर्चा हो रही है। 
वहीं, मंत्रिमंडल में कोई महिला नहीं होने के कारण संभावना जतायी जा रही है कि पूर्व मंत्री रंजू गीता को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। कयास यह भी लगाया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंत्रिमंडल विस्तार के साथ-साथ अगले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कुछ मंत्रियों के विभाग बदल भी सकते हैं या उनकी छुट्टी भी कर सकते हैं। 
गौरतलब है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में मुंगेर से जदयू के विजयी सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जल संसाधन मंत्री, मधेपुरा से जदयू के दिनेश चन्द, यादव ने आपदा प्रबंधन मंत्री, हाजीपुर (सु) से लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के पशुपति कुमार पारस ने पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले मुजफ्फरपुर बालिका गृहकांड से संबंधित मामले में तत्कालीन समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा के घर पर छापेमारी के दौरान अवैध हथियार मिलने के कारण श्रीमती वर्मा को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ था।

Shera Rajput