‘नीतीश सेतु’ के नामकरण पर बोले तेजस्वी यादव, शिलान्यास के समय अक्षयवट राय के नाम पर रखने का मिला था आश्वासन

Summary :

पटना, 17 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन कर इसे बिहारवासियों को समर्पित करेंगे। पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि पुल के शिलान्यास के समय ही तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका नामकरण स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर करने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव…

पटना, 17 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन कर इसे बिहारवासियों को समर्पित करेंगे। पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने दावा किया कि पुल के शिलान्यास के समय ही तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका नामकरण स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर करने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि इस पुल के निर्माण की शुरुआत उस समय हुई थी, जब उनके पिता लालू यादव के रहते हुए वह पहली बार पथ निर्माण मंत्री (आरसीडी) और उपमुख्यमंत्री बने थे।

उन्होंने बताया कि पुल के शिलान्यास का कार्यक्रम उनके विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए थे। तेजस्वी ने कहा कि शिलान्यास के दौरान ही उनकी नीतीश कुमार से बातचीत हुई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि पुल का नामकरण अक्षत राय के नाम पर किया जाए। इस पर नीतीश कुमार ने भी सहमति जताते हुए आश्वासन दिया था कि पुल का निर्माण पूरा होने के बाद इसका नाम अक्षयवट बाबू के नाम पर रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2015-16 में पुल का शिलान्यास हुआ था और उस समय इसके निर्माण में पांच से छह साल लगने का अनुमान था। नीतीश कुमार ने कहा था कि वर्ष 2022 तक पुल बनकर तैयार हो जाएगा और तब इसका नामकरण अक्षयवट बाबू के नाम पर किया जाएगा। तेजस्वी ने यह भी कहा कि उनकी ओर से इस संबंध में सरकार को पत्र लिखकर नामकरण की मांग की गई थी।

नेता प्रतिपक्ष ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब नीतीश कुमार को राजनीतिक रूप से खत्म कर मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी जीवित व्यक्ति के रहते हुए उसकी मूर्ति लगाना या उसके नाम पर पुल का नामकरण करना उचित नहीं माना जाता। उनके मुताबिक, इस फैसले के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि नीतीश कुमार राजनीतिक रूप से समाप्त हो चुके हैं।

तेजस्वी यादव ने पुल के निर्माण में केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना में राज्य सरकार ने अपने संसाधनों और कर्ज के जरिए राशि लगाई थी। उन्होंने कहा कि उनके पुराने भाषणों को देखकर यह पता लगाया जा सकता है कि अगर भारत सरकार का एक रुपया भी इस पुल के निर्माण में लगा हो या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का कोई योगदान रहा हो तो बताया जाए।

उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों को अपनी राजनीति करनी है तो करते रहें, लेकिन बिहार की जनता वास्तविकता जानती है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि जब वे आएंगे, तब इस बारे में बात की जाएगी।

बता दें कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल बिहार की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है। इसके नामकरण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी जारी है। आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसके उद्घाटन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.