मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद के एनसीपी विधायकों ने मंगलवार को राज्य में सूखे से प्रभावित किसानों की मदद के लिए अपना एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का फैसला किया।
मंत्रालय में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान एनसीपी विधायकों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चेक सौंपे। एनसीपी विधायकों ने कहा कि संकट के समय किसानों के साथ मजबूती से खड़े रहना और उन्हें जरूरी मदद दिलाना पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार द्वारा दी गई एक अहम सीख है।
एनसीपी विधायकों ने कहा कि अजित पवार की विरासत और विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए किसानों की मुश्किलों में उनका साथ देना और उनकी समस्याओं को सुलझाने में योगदान देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसान समुदाय के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर एनसीपी की अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, पार्टी के वरिष्ठ नेता और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरी जिरवाल, कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे और महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे मौजूद रहे।
वहीं, ‘संजीवनी यूनिवर्सिटी और संजीवनी ग्रुप, कोपरगांव’ का प्रतिनिधित्व करते हुए विधायक विवेक कोल्हे ने मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 51,51,000 का चेक सौंपा। यह राशि सूखे से प्रभावित किसानों की मदद के लिए ‘मुख्यमंत्री राहत कोष’ में योगदान के तौर पर दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने एनसीपी नेतृत्व और विधायकों का आभार व्यक्त किया। बता दें कि कम बारिश के कारण राज्य सरकार ने 304 तालुकों में सूखा घोषित किया है।
–आईएएनए
ओपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



