पटना : बिहार में सोमवार को वसंत पंचमी और सरस्वती पूजा का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों और कई घरों में देवी सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और उनकी पूजा की जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सरस्वती पूजा में शामिल हुए।
उन्होंने राज्य के सुख-समृद्धि की कामना की। नीतीश ने बिहारवासियों को सरस्वती पूजा एवं वसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री पटना के रूपसपुर थाना अंतर्गत आईएएस कॉलोनी स्थित पूर्व मुख्य सचिव एवं राज्य मुख्य सूचना आयुक्त अशोक कुमार सिन्हा के आवास पर आयोजित सरस्वती पूजा में शामिल हुए और वीणावादिनी एवं विद्या की देवी सरस्वती मां की पूजा-अर्चना की तथा बिहार की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी सरस्वती पूजा में शामिल हुए। पटना के गांधी मैदान थाना अंतर्गत सलीमपुर अहरा के शिव मंदिर पहुंचकर मांझी ने सरस्वती की प्रतिमा पर नमन किया। इस मौके पर सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों व छात्रावासों में भी विद्या की देवी सरस्वती का पूजन किया गया।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



