आधिकारिक सूत्रों ने कहा है कि पाकिस्तान जब तक सीमा पार आतंकवाद नहीं रोकता, उसके साथ कोई बातचीत नहीं करने की भारत की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है और अगले महीने बिश्केक में होने वाली एससीओ बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पाकिस्तानी समकक्ष इमरान खान की किसी मुलाकात के बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया गया है।
जनवरी 2016 में पठानकोट में भारतीय वायुसेना के अड्डे पर आतंकवादी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ बातचीत नहीं की है। भारत का कहना है कि आतंकवाद और बातचीत साथ साथ नहीं चल सकते।
शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की सालाना शिखर बैठक किर्गिजस्तान की राजधानी बिश्वेक में 13-14 जून को होगी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी भाग लेंगे। चीनी प्रभुत्व वाले इस समूह में इमरान के भी शामिल होने का कार्यक्रम है।
सरकारी सूत्रों ने कहा कि एससीओ शिखर सम्मेलन से इतर मोदी और खान के बीच किसी बैठक के बारे में कोई फैसला नहीं किया गया है।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर कोई फैसला नयी सरकार करेगी।’’


Download Android App
Download iOS App



