बेंगलुरू : कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि किसी विधायक ने उनसे सुरक्षा की मांग नहीं की है। उन्होंने कांग्रेस के इन आरोपों के बीच यह बात कही कि सरकार को गिराने के लिए बागी विधायकों को बंधक बनाया गया है।
विधानसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एच के पाटिल ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि शहर के बाहर रोककर रखे गये विधायक सत्र में भाग ले सकें, इसके लिए सुगम माहौल बनाया जाए।
कुमार ने कहा, ‘‘किसी ने सुरक्षा की मांग नहीं की है। ना ही उनके परिवार वाले आए हैं। इसलिए मुद्दा यहीं समाप्त होता है।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी के शिवकुमार ने कहा कि वह मुंबई गये थे जहां बागी विधायकों को रखा गया है और उनकी सूचना के मुताबिक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया है।
सदन में आज विश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए राज्यपाल की दी हुई दोपहर डेढ़ बजे की समयसीमा के अंदर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और इसे लेकर भी सदन में चर्चा हुई।
अध्यक्ष ने कहा, ‘‘बहुत चर्चा हो चुकी है। मैं इसे आज समाप्त करना चाहता हूं।’’
मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘मैंने पहले ही बात रख दी हैं। हम प्रक्रिया सोमवार को समाप्त कर सकते हैं।’’
भाजपा नेता सुरेश कुमार ने कहा कि अगर प्रक्रिया को और खींचा गया तो विश्वास मत की शुचिता समाप्त हो जाएगी। उन्होंने आज ही प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह कुछ समय बाद व्यवस्था देंगे।


Download Android App
Download iOS App



