स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने रविवार को कहा कि भारत विभिन्न कोविड-19 प्रबंधन मापदंडों पर अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहा है और ऐहतियाती, सक्रिय और चरणबद्ध रुख के कारण यहां दुनिया में सबसे कम मृत्यु दर और ठीक होने की सबसे अधिक दर दर्ज की गई।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हर्षवर्धन ने यह टिप्पणी ‘ग्लोबल एसोसिएशन फॉर फिजिशियंस ऑफ इंडियन ओरिजिन (जीएपीआईओ) द्वारा आयोजित ‘ग्लोबल इंडियन फिजिशियंस कांग्रेस’ में की।
हर्षवर्धन ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में मेडिकल पेशेवरों के योगदान की प्रशंसा की।
बयान में हर्षवर्धन के हवाले से कहा गया, ‘‘दुनिया ने कोविड-19 के अभूतपूर्व संकट का सामना किया, हमारे डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य सेवा कार्यकर्ताओं ने मानवता के अग्रणी चैंपियन के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत किया, मानव जाति को बचाया क्योंकि यह अस्तित्व का संकट था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं समाज की सेवा करने में उनके साहस, वीरता और निस्वार्थ भाव को सलाम करता हूं। कोई भी शब्द सभी कोरोना योद्धाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं, जिन्होंने दूसरों के जीवन को बचाने के लिए अपने स्वयं के जीवन को जोखिम में डाला। यह दुर्भाग्यपूर्ण और मेरे लिए बड़ा व्यक्तिगत नुकसान है कि उनमें से कई की इस दौरान जान चली गई।’’
बयान में कहा गया है कि इस संदर्भ में केंद्रीय मंत्री ने ग्लोबल इंडियन फिजिशियन कोविड-19 सहयोग की स्थापना के लिए जीएपीआईओ के प्रयासों का उल्लेख किया।
हर्षवर्धन ने इस अवसर पर कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने के लिए सरकार के प्रयासों को भी रेखांकित किया।


Download Android App
Download iOS App



