NTA action : राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा पेपर लीक और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर उठे व्यापक विवाद के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। एजेंसी ने अपना गोपनीय और संवेदनशील कामकाज मिंटो रोड स्थित ‘गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस’ की नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया है। 55,000 स्क्वायर फीट से अधिक में फैले इस नए कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा का जिम्मा अब सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स यानि CISF के पास होगा।
गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सके।
गोपनीय जोन में एंट्री पर रहेगी कड़ी नजर
अधिकारियों के अनुसार, नई बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल के अलावा चौथी और छठी मंजिल के कुछ हिस्से में NTA का कामकाज शुरू हो चुका है। परिसर के भीतर विशेष ‘गोपनीय जोन’ बनाए गए हैं, जहां लोगों की आवाजाही पर डिजिटल व शारीरिक रूप से पैनी नजर रखी जाएगी।
यह कड़ा कदम NEET-UG पेपर लीक मामले में सीबीआई की चार्जशीट के बाद सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ था कि ओखला स्थित पुराने दफ्तर के गोपनीय विभाग में आने-जाने वाले सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स की ठीक से चेकिंग नहीं होती थी। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर तीन मास्टरमाइंड एक्सपर्ट्स पर्चियों पर सवाल लिखकर बाहर ले गए थे।
नीलेकणि टास्क फोर्स की रिपोर्ट का इंतजार
पेपर लीक के कारण देशभर में हुए छात्र विरोध प्रदर्शनों के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था। इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए इंफोसिस के को-फाउंडर नंदन नीलेकणि की अगुआई में एक हाई-लेवल टास्क फोर्स का गठन किया था, जिसकी सिफारिशों का अभी इंतजार है। 2017 में स्थापित NTA अब नए सुरक्षा घेरे में परीक्षाएं आयोजित करेगा।
यह भी पढ़ें – गुवाहाटी में CJP के आशुतोष रांका पुलिस हिरासत में, वालंटियर्स मीटिंग में होने गए थे शामिल


Download Android App
Download iOS App



