झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत कटकमदाग थाना क्षेत्र में नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) के डिप्टी जनरल मैनेजर कुमार गौरव की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह बिहार के नालंदा संसदीय क्षेत्र के सांसद रहे दिवंगत रामस्वरूप प्रसाद के भतीजे थे। वारदात शनिवार सुबह करीब पौने दस बजे उस वक्त अंजाम दी गई, जब वह हजारीबाग स्थित अपने आवास से केरेडारी प्रखंड स्थित ऑफिस जा रहे थे। वारदात की जानकारी मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। एनटीपीसी की नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में कार्य करने वाले तमाम अफसरों और कर्मियों में इस वारदात को लेकर आक्रोश है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि वारदात के पीछे एनटीपीसी में कांट्रैक्ट पर चल रहे कार्यों में रंगदारी वसूली करने वाले आपराधिक गिरोह का हाथ हो सकता है।
कुमार गौरव एनटीपीसी के लिए कोयला डिस्पैच से संबंधित विभाग के इंचार्ज थे। बताया गया कि कुमार गौरव कंपनी की गाड़ी से कार्यस्थल पर जा रहे थे, तब हजारीबाग से बड़कागांव-केरेडारी जाने वाली सड़क पर फतहा नामक जगह पर गाड़ी रोककर उन्हें कई गोलियां मारी गईं। बाइक सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर गाड़ी रोकी और कुमार गौरव को निशाना बनाया। गाड़ी में चालक के अलावा एक अन्य व्यक्ति था।
कुमार गौरव को तत्काल गंभीर रूप से घायल अवस्था में हजारीबाग के एक हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि कुमार गौरव मूल रूप से बिहार के बिहारशरीफ में एकंगरसराय प्रखंड के रहने वाले थे। यह कोई पहली बार नहीं है, जब एनटीपीसी की नॉर्थ परियोजना के लिए काम करने वाले अफसर को निशाना बनाया गया है। करीब दो वर्ष पहले इस प्रोजेक्ट के लिए आउटसोर्सिंग पर काम करने वाली एक कंपनी के जीएम की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।


Download Android App
Download iOS App



