केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों के पास एक करोड़ से अधिक कोविड-19 रोधी टीकों की खुराक मौजूद है और अगले तीन दिनों में उन्हें अतिरिक्त नौ लाख से अधिक खुराके दी जाएंगी। मंत्रालय ने बताया कि केन्द्र ने अभी तक राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 रोधी टीकों की 17,93,57,860 खुराकें मुफ्त में दी है। इनमें से बर्बाद हुई खुराकों सहित कुल 16,89,27,797 को इस्तेमाल किया जा चुका है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘ राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों के पास अब भी एक करोड़ से अधिक (1,04,30,063) खुराकें लगाने के लिए मौजूद हैं। इसके अलावा, जिन राज्यों का कहना है कि खपत की तुलना में आपूर्ति कम है, उन्होंने सशस्त्र बलों को मुहैया कराए गए टीकों को आंकड़ों में शामिल नहीं किया है।’’ उसने कहा, ‘‘इसके अलावा, टीकों की नौ लाख से अधिक (9,24,910) अतिरिक्त खुराके अगले तीन दिनों में राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों को मुहैया कराई जाएगी।’’
मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार के वैश्विक महामारी के नियंत्रण एवं प्रबंधन की पांच सूत्रीय रणनीति का टीकाकरण एक अभिन्न हिस्सा है। इसमें जांच, संक्रमितों का पता लगाना, उपचार और कोविड से निपटने के दिशा-निर्देशों का पालन करना शामिल है।
बता दें कि लगातार चार दिन कोरोना वायरस संक्रमण के चार लाख से अधिक नए मामले सामने आने के बाद भारत में सोमवार को एक दिन में कोविड-19 के 3,66,161 मामले सामने आए और इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2,26,62,575 हो गए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, 3,754 और लोगों की संक्रमण के कारण मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 2,46,116 हो गई।


Download Android App
Download iOS App



