वैक्सीन की किल्लत से जूझ रहे राज्यों को मिलेगी राहत, भारत बायोटेक ने शुरू की कोवैक्सीन की सीधी आपूर्ति

Summary :

भारत बायोटेक की संयुक्त प्रबंध निदेशक सुचित्रा इला के मुताबिक कंपनी ने दिल्ली और महाराष्ट्र सहित 14 राज्यों को कोविड-19 की वैक्सीन ‘कोवैक्सीन’ की सीधी आपूर्ति एक मई से शुरू कर दी है।

देश कोरोना वायरस से लड़ रहा है और कई राज्यों में वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण करने में परेशानी हो रही है, ऐसे में इस समस्या अब जल्द ही छुटकारा मिल सकता है। भारत बायोटेक की संयुक्त प्रबंध निदेशक सुचित्रा इला के मुताबिक कंपनी ने दिल्ली और महाराष्ट्र सहित 14 राज्यों को कोविड-19 की वैक्सीन ‘कोवैक्सीन’ की सीधी आपूर्ति एक मई से शुरू कर दी है। 
हैदराबाद स्थित कंपनी ने केंद्र सरकार द्वारा किए गए आवंटन के अनुसार कोविड-19 की वैक्सीन की आपूर्ति शुरू की है।इला ने ट्वीट किया, ‘‘भारत बायोटेक एक मई 2021 से भारत सरकार द्वारा किए गए आवंटन के आधार पर इन राज्य सरकारों को कोवैक्सीन की सीधी आपूर्ति की पुष्टि करता है। अन्य राज्यों से भी अनुरोध मिले हैं और हम स्टॉक की उपलब्धता के आधार पर वितरण करेंगे।’’
कंपनी इस समय आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, गुजरात, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल को वैक्सीन की आपूर्ति कर रही है। उधर, देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 3,66,161 नए मामले दर्ज किए गए तथा 3754 मरीजों की इसके कारण जान चली गयी, लेकिन राहत की बात यह है कि इस दौरान इस संक्रमण 3,53,818 लोग ठीक हुए है। इस बीच देश में अब तक 17 करोड़ 01 लाख 76 हजार 603 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार की सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना 3,66,161 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ बढ़कर दो करोड़ 26 लाख 62 हजार 575 हो गया। वहीं इस दौरान 3,53,818 लोग इस महामारी से ठीक हुए, जिसके बाद कोविड-19 को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 1,86,71,222 हो गयी। 
देश में इस समय कोरोना के सक्रिय मामलों में की संख्या 37,45,237 है। इसी अवधि में 3,754 मरीज अपनी जान गंवा बैठे और इसके बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,46,116 हो गयी है। देश में रिकवरी रेट बढ़कर 82.39 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर घटकर 16.53 प्रतिशत हो गयी है, वहीं मृत्युदर अभी 1.09 फीसदी है। 
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 12357 घटकर 6,18,070 पर आ गए हैं। इस दौरान राज्य में 60,226 और मरीजों के ठीक होने के बाद कोरोना को मात देने वालों की तादाद बढ़कर 4407818 हो गयी है जबकि 572 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 75,849 हो गया है।

Desk Team