बेंगलुरु में कोरोना से एक मरीज की मौत, कर्नाटक में सक्रिय मामले बढ़कर 38 हुए

Summary :

बेंगलुरु में कोविड-19 से पहली मौत, सक्रिय मामले 38

बेंगलुरु में कोरोना से पहली मौत के बाद कर्नाटक में सक्रिय मामले बढ़कर 38 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मामूली वृद्धि के बावजूद चिंता की कोई बात नहीं है। कोविड-19 की जांच और सावधानी की सलाह दी गई है, लेकिन मास्क पहनना अनिवार्य नहीं है।

कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बेंगलुरु में हाल ही में कोविड-19 के प्रकोप के बाद शनिवार को शहर में पहली मौत हुई है।

बेलगावी में एक गर्भवती महिला कोविड-19 से संक्रमित पाई गई है। वह पिछले महीने पुणे की यात्रा पर गई थी।

धारवाड़ सहित कई जिला अस्पतालों ने विशेष रूप से कोरोना के मरीजों के लिए 10 बिस्तरों वाला आईसीयू वार्ड खोला है।

सूत्रों ने पुष्टि की है कि तकनीकी सलाहकार समिति ने स्वास्थ्य विभाग को रविवार से कर्नाटक के आठ मेडिकल कॉलेजों में कोविड-19 परीक्षण शुरू करने का सुझाव दिया था।

कर्नाटक में कोरोना के बढ़ते मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कहा कि राज्य और बेंगलुरु में मामलों में मामूली वृद्धि हुई है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।

शनिवार को बेंगलुरु में मीडिया से बात करते हुए, मंत्री राव ने कहा, “चिंता की कोई बात नहीं है। यह बहुत ही सामान्य स्थिति है। पिछले 15 दिन में कोविड-19 मामलों की संख्या में मामूली वृद्धि हुई है।”

उन्होंने कहा कि हमने एक एडवाइजरी जारी की है जिसमें कहा गया है कि गंभीर सांस संबंधी बीमारियों वाले लोगों, विशेष रूप से अस्पतालों में भर्ती लोगों को कोविड-19 की जांच करानी चाहिए।”

उन्होंने लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाते समय अधिक सतर्क रहने और मास्क पहनने की सलाह दी। हालांकि, मास्क पहनना अनिवार्य नहीं है। इसके अलावा, शहर या राज्य के भीतर कोई यात्रा प्रतिबंध या आवाजाही प्रतिबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि सब कुछ सामान्य है। अब तक देशभर में 257 मामले सामने आए हैं और महत्वपूर्ण बात यह है कि उनमें से किसी में भी गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं। केवल हल्के लक्षण ही पाए गए हैं, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

उन्होंने जनता से अपील की कि कोविड-19 अब स्थानिक महामारी बन चुका है। कोरोना वायरस किसी भी अन्य वायरस की तरह हमारे सिस्टम का हिस्सा बन चुका है। किसी भी समय, किसी को कोविड-19 हो सकता है। असली चिंता यह है कि क्या कोई नया या गंभीर रूप सामने आता है।

बता दें कि कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि पिछले 20 दिन में बेंगलुरु में कोविड-19 के प्रसार के मामले में क्रमिक वृद्धि देखी जा रही है।

महाराष्ट्र के ठाणे में कोविड पीड़ित 21 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.