मुंबई, 17 अगस्त (आईएएनएस)। देश के हजारों-लाखों युवाओं का सपना शानदार नौकरी करने का होता है, जिसके लिए वे तैयारी करने के साथ-साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार में जुटे रहते हैं। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके हाथ से एक सुनहरा मौका निकलने वाला है।
ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ओएनजीसी) लिमिटेड ने अपने विभिन्न कार्य-स्थलों पर एक निश्चित अवधि के लिए मेडिकल ऑफिसर ऑक्यूपेशनल हेल्थ होम्योपैथी/स्पेशलिस्ट के विभिन्न 24 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
ओएनजीसी की ओर से जारी 24 रिक्तियों में मेडिकल ऑफिसर ऑक्यूपेशनल हेल्थ (एमओ (ओएच)) के 14 पद स्थान के अनुसार देहरादून, अहमदाबाद, अंकलेश्वर, बड़ौदा, सी2-सी3 – दहेज, खंभात, मेहसाणा, उरान, काकीनाडा, राजमुंदरी, कराईकल, अगरतला, जोरहाट और शिवसागर में 1-1 पद शामिल हैं। देहरादून अस्पताल के लिए विशेषज्ञ के 3 पद हैं, जिनमें मेडिकल ऑफिसर फिजिशियन का 1, मेडिकल ऑफिसर पीडियाट्रिक्स का 1 और मेडिकल ऑफिसर सर्जरी का 1 पद शामिल हैं। शिवसागर अस्पताल में विशेषज्ञ के 5 पदों में मेडिकल ऑफिसर – एनेस्थीसिया का 1, मेडिकल ऑफिसर प्रसूति एवं स्त्री रोग का 1, मेडिकल ऑफिसर फिजिशियन के 2 और मेडिकल ऑफिसर – सर्जरी का 1 पद शामिल हैं। वहीं, मेडिकल ऑफिसर-होम्योपैथी के 2 पदों में स्थान के अनुसार शिवसागर एवं देहरादून में 1-1 पद शामिल हैं।
इन रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू हुई थी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 अगस्त तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें ओएनजीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और विशेषज्ञता के अनुसार बैचलर ऑफ मेडिसिन और बैचलर ऑफ सर्जरी (एमबीबीएस), संबंधित स्ट्रीम में एमडी/एमएस, संबंधित स्ट्रीम में पीजी डिप्लोमा, बैचलर ऑफ होमियोपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएचएमएस) होनी चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सालाना सीटीसी पद के अनुसार प्रथम वर्ष 7,80,000 से 15,60,000 रुपए के बीच होगी। वहीं, दूसरे वर्ष उम्मीदवारों की वार्षिक सीटीसी पोस्ट के अनुसार 7,89,600 से 15,85,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आईएएनएस
डीके/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



