ऑपरेशन सिंधु : 311 यात्रियों को लेकर ईरान से लौटी एक और स्पेशल फ्लाइट

Summary :

ईरान से लौटे नागरिकों ने जताया सरकार का आभार

भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंधु के तहत 311 भारतीय नागरिकों को ईरान से सुरक्षित वापस लाने का कार्य किया। दिल्ली पहुंचने पर यात्रियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष किया। अब तक कुल 1,428 भारतीयों को वापस लाया गया है, जिससे नागरिकों ने सरकार का आभार व्यक्त किया।

इजरायल-ईरान के बीच संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच, भारत सरकार ईरान में फंसे अपने नागरिकों को भी वहां से निकाल रही है। ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत 311 यात्रियों को लेकर एक और फ्लाइट दिल्ली पहुंची, जहां उनका स्वागत किया गया। इस दौरान स्वदेश लौटे यात्रियों ने एयरपोर्ट पर ही ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष किया। दरअसल, ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत भारतीय नागरिकों को लेकर अब तक सात फ्लाइट दिल्ली पहुंच चुकी है। रविवार को विशेष विमान से 311 लोगों को वापस लाया गया है। अब तक कुल 1,428 लोगों को ईरान से वापस लाया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “ऑपरेशन सिंधु जारी है। 22 जून को मशहद से विशेष उड़ान के माध्यम से 311 भारतीय नागरिक नई दिल्ली पहुंचे। अब तक 1,428 भारतीय नागरिकों को ईरान से निकाला जा चुका है।”

ईरान से भारत लौटे नागरिकों ने सरकार का आभार जताया। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हम सरकार के काम से खुश हैं। सरकार ने हमारा ख्याल रखा और सुरक्षित ईरान से बाहर निकाला।” सैय्यद अजहर इमाम रिजवी ने कहा कि हमें ईरान के मशहद से सुरक्षित भारत लाया गया है। मैं भारत सरकार का आभार जताता हूं, जिन्होंने हमारे लिए ईरान में इंतजाम किए और उसके बाद वहां से भारत लाया गया।

ईरान से लौटे मोहम्मद साहिल ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से वे लोग भारतीय दूतावास के संपर्क में थे। करीब चार-पांच दिन वे ईरान में रहे और उसके बाद वहां से निकालकर भारत लाया गया। उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं कि भारत सरकार ने युद्ध क्षेत्र से हमें सुरक्षित निकाला है। हमें पहले यह पता चला था कि तुर्कमेनिस्तान या अर्मेनिया के रास्ते निकाला जाएगा, लेकिन आखिर में हमें ईरान से ही फ्लाइट के जरिए लाया गया।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.