ओरछा, 7 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि रामराजा की नगरी ओरछा धार्मिक और पर्यटन के लिहाज से अद्भुत स्थल है। ओरछा को बुंदेलखंड की अयोध्या के तौर पर पहचाना जाता है। दीपावली से एक दिन पूर्व रूप चौदस को मुख्यमंत्री मोहन यादव यहां पहुंचे और उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्रीरामराजा सरकार मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि ओरछा का श्रीराम राजा मंदिर हम सभी के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। हमारी सरकार बनने के बाद श्रीरामराजा लोक के विकास एवं निर्माण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से ओरछा एक अद्भुत स्थल है। इसका अत्यंत ऐतिहासिक महत्व भी है, ओरछा आकर सबका मन यहीं का हो जाता है।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी में भगवान विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भगवान श्रीराम धाम तथा उज्जैन में श्रीमहाकाल महालोक के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। मध्य प्रदेश में भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास का वातावरण बना है। ओरछा में भी इसी प्रकार की समृद्धि और विकास लाने के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है।
सीएम ने श्रीराम राजा सरकार के दर्शन एवं पूजन के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीराम दिन में ओरछा में राजा के रूप में विराजमान रहते हैं। भगवान श्रीराम हम सभी के आराध्य हैं, और हम सब उन्हें श्रद्धा से नमन करते हैं। दीपावली के पावन पर्व से एक दिन पूर्व रूप चौदस के अवसर पर ओरछा आकर श्रीरामराजा सरकार के दर्शन एवं नमन करने का सौभाग्य मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा है कि समाज के सभी वर्गों, किसानों, युवाओं, गौपालकों सहित प्रत्येक नागरिक का कल्याण हो तथा सरकार की सभी जनहितैषी नीतियां अपने मूल उद्देश्य से सफल सिद्ध हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के इस अद्भुत केंद्र ओरछा में भी विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित हों, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
सीएम ने कहा कि सभी जिम्मेदार अधिकारियों को श्रीरामराजा लोक के अंतर्गत चल रहे सभी श्रेणियों के निर्माण एवं विकास कार्यों को तय समय-सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रूप चौदस एवं दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, राज्यसभा सदस्य महेश केवट, विधायक निवाड़ी अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
–आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



