रेलवे ने पिछले 24 घंटे में विभिन्न राज्यों में 10 कंटेनरों के जरिए करीब 150 टन तरल चिकित्सकीय ऑक्सीजन (एलएमओ) की आपूर्ति की है। रेलवे ने शनिवार को यह जानकारी दी। ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ रेलगाड़ियां शनिवार को महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश में आपूर्ति के लिए तरल चिकित्सकीय ऑक्सीजन (एलएमओ) लेकर क्रमश: नासिक और लखनऊ पहुंचीं।
उसने बताया कि इन क्षेत्रों में ऑक्सीजन की आपूर्ति करने के लिए रास्ते में नागपुर और वाराणसी में कुछ कंटेनर रखे गए। रेलवे ने बताया कि लखनऊ से शनिवार सुबह तीसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस ने अपनी यात्रा शुरू की। आंध्र प्रदेश और दिल्ली इस प्रकार की और ट्रेन चलाने के लिए रेलवे से विचार-विमर्श कर रहे हैं। ऑक्सीजन एक्सप्रेस सेवा 21 अप्रैल से शुरू की गई थी। रेलवे ने एक बयान में कहा, ‘‘इस समय विशाखापट्टनम और बोकारो में एलएमओ से भरे टैंकर भारतीय रेल की रो-रो सेवा के जरिए पहुंचाए जा रहे हैं।’’
उसने कहा,‘‘उत्तर प्रदेश में चिकित्सकीय ऑक्सीजन की आवश्यकता को पूरा करने के लिए ट्रेनों के आवागमन के लिए लखनऊ से वाराणसी के बीच हरित गलियारा बनाया गया है। ट्रेन के जरिए 62.35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 270 किलोमीटर की दूरी चार घंटे 20 मिनट में तय की गई। पिछले 24 घंटे में करीब 150 टन ऑक्सीजन के साथ कुल 10 कंटेनर ले जाए गए।’’
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच ऑक्सीजन की गंभीर कमी के मद्देनजर भारतीय रेल तरल चिकित्सकीय ऑक्सीजन एवं ऑक्सीजन सिलेंडरों को लाने-ले जाने के लिए आगामी कुछ दिन ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन संचालित करना जारी रखेगी।


Download Android App
Download iOS App



