भोपाल, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बुंदेली मार्शल आर्ट को नई पहचान दिलाने वाले पद्मश्री सम्मानित प्रख्यात कलाकार भगवानदास रैकवार का शनिवार को इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थे और भोपाल के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित पद्म पुरस्कारों में भगवानदास रैकवार को मार्शल आर्ट के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उन्हें विशेष रूप से बुंदेली मार्शल आर्ट की पारंपरिक कला को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया था।
भगवानदास रैकवार ने अपने पूरे जीवन को बुंदेलखंड की पारंपरिक युद्धकला के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित किया। उन्होंने न केवल इस प्राचीन कला को जीवित रखा, बल्कि नई पीढ़ी तक इसे पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से बुंदेली मार्शल आर्ट को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
उनके निधन की खबर से कला जगत और बुंदेलखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। कलाकारों, सामाजिक संगठनों और कला प्रेमियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने रैकवार के निधन पर दुख जताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “सागर, मध्यप्रदेश के गौरव श्री भगवानदास रैकवार जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। समाज सेवा और समर्पण से परिपूर्ण आपका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। आपके अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।”
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



