सीजफायर उल्लंघन को लेकर पाकिस्तान ने भारतीय राजनयिक को किया समन

Summary :

पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिकों द्वारा सीजफायर समझौते के कथित उल्लंघन पर विरोध जताने के लिए सोमवार को भारतीय उच्चायोग के एक वरिष्ठ राजनयिक को समन किया।

पाकिस्तान लगातार भारतीय सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। पाकिस्तानी सेना की ओर से आए दिन सीमा पर गोलीबारी की खबरें सामने आती रहती हैं। ऐसे में पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सैनिकों द्वारा सीजफायर  समझौते के कथित उल्लंघन पर विरोध जताने के लिए सोमवार को भारतीय उच्चायोग (Indian High Commission) के एक वरिष्ठ राजनयिक को समन किया। 
विदेश विभाग ने एक बयान में कहा कि रविवार की रात नियंत्रण रेखा के पास हॉटस्प्रिंग सेक्टर में ‘‘बिना सोचे-समझे और बिना किसी उकसावे के की गयी गोलीबारी’’ में तीन असैन्य नागरिकों को गंभीर चोटें आयी हैं। बयान के अनुसार, भारतीय पक्ष से 2003, संघर्ष विराम समझौते का सम्मान करने, इसके साथ-साथ संघर्ष विराम समझौते के उल्लंघन के अन्य मामलों की जांच करने और नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने को कहा गया है। 

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सुरक्षाबलों को मिला विस्फोटक, किया गया निष्क्रिय

विदेश विभाग ने दावा किया है कि इस साल संघर्ष विराम समझौते के उल्लंघन की 2,245 घटनाएं हुई हैं जिनमें 18 लोग मारे गए हैं और 180 लोग घायल हुए हैं। रविवार को ही पुंछ जिले में एलओसी के पास पाकिस्तानी सेना ने बिना उकसावे के भारी गोलीबारी की, जिसके बाद भारतीय सेना ने भी इसका माकूल जवाब दिया।

Desk Team