पश्चिम बंगाल की महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पंजा ने बच्चों में इंटरनेट की बढ़ती लत पर चिंता व्यक्त की और अभिभावकों को सुझाव दिया कि वे अपने बच्चों को डिजिटल मीडिया के अच्छे और बुरे इस्तेमाल के बारे में शिक्षा दें। शशि ने कहा, यह उपभोक्ता पर निर्भर करता है कि इंटरनेट का सर्वोत्तम इस्तेमाल कैसे करना है और कहां पर इससे दूरी बनानी है।
उन्होंने कल यहां आयोजित यूनिसेफ के एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि अभिभावकों को इंटरनेट के इस्तेमाल के बारे में अपने बच्चों का मार्गदर्शन करना चाहिए। जरा ब्लू व्हेल चैलेंज के बारे में सोचिए। यह खेल बच्चों को आत्महत्या की ओर ले जा रहा था और बड़ों को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी।
उन्होंने इंटरनेट के अच्छे इस्तेमाल का उदाहरण दिया कि दक्षिण बंगाल के दूरदराज के एक गांव की एक लड़की ने स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी सहेली की तस्वीर और जानकारी साझा कर उसका बाल विवाह रुकवा दिया। मंत्री ने कहा कि यूनिसेफ बच्चों के संपूर्ण विकास और उन्हें लाभ पहुंचाने के लिए बंगाल सरकार के साथ तीन चार परियोजनाओं पर काम कर रहा है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ


Download Android App
Download iOS App



