लखनऊ, 10 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के क्षेत्र प्रचारक अनिल ने कहा कि भारत के पर्व और परंपराएं केवल उत्सव मनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे समाज और राष्ट्र की एकता का गहरा संदेश छिपा है। तमाम संघर्षों और सांस्कृतिक चुनौतियों के बावजूद इन्हीं पर्वों ने देश की सांस्कृतिक विरासत और पहचान को सुरक्षित बनाए रखा है। अपनी परंपराओं को जीवित रखते हुए उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
वह मंगलवार को लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित सीएमएस परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ महानगर की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान मलूकपीठाधीश्वर संत राजेंद्र दास जी का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। अनिल ने कहा कि जिन लोगों ने हमारी सांस्कृतिक एकता को खंडित करने का प्रयास किया, उनके तमाम प्रयासों के बावजूद हमारी पर्व परंपराएं आज भी समाज को जोड़ने का काम कर रही हैं। उन्होंने आगामी सूर्यषष्ठी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लखनऊ में संघ की ओर से दीपावली और होली मिलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। गोरखपुर में नानाजी देशमुख द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में 10 हजार लोगों की सहभागिता इसका उदाहरण है। अपने पर्वों और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा परम दायित्व है।
मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि दीपावली का पांच दिवसीय पर्व अपने प्रत्येक दिन के साथ विशेष महत्व रखता है। अयोध्या में दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव की चमक आज पूरी दुनिया में फैल रही है। इसके साथ ही भारत की एकता, समन्वय और पुरुषार्थ का संदेश भी वैश्विक स्तर पर पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि 836 द्वीपों वाले अंडमान-निकोबार में स्थित सेलुलर जेल में स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की गाथाएं देखकर हर किसी का मन भावुक हो जाता है। दीपावली मिलन केवल सामाजिक मेल-मिलाप का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के एकीकरण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय सह गौ-संवर्धन संयोजक नवल किशोर ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा पर फिर से ध्यान देना होगा। स्वाधीनता के बाद भी जीवन के कई क्षेत्रों में परतंत्रता की मानसिकता बनी हुई है। हमें अपने उत्सवों और परंपराओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जीवन में उतारना चाहिए। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत मां दुर्गा पर आधारित नृत्य-नाटिका के साथ गायन और वादन के कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में मातृशक्ति, बच्चों और युवाओं सहित करीब 1,300 लोगों ने सहभागिता की।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



