कोलकाता, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को 152 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है लेकिन इस बीच मुर्शिदाबाद जिले के नवादा विधानसभा क्षेत्र से तनाव की खबर सामने आई है।
यहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं और आम जनता उन्नयन पार्टी (एयूजेपी) के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब एयूजेपी के संस्थापक हुमायूं कबीर घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे। उनके पहुंचते ही स्थानीय लोगों और टीएमसी कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और बहस देखने को मिली।
मौके पर मौजूद पुलिस के साथ भी हुमायूं कबीर की बहस के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें हालात काफी तनावपूर्ण नजर आ रहे हैं। झड़प के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, और केंद्रीय सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हुमायूं कबीर उस इलाके का दौरा करने पहुंचे थे, जहां एक दिन पहले क्रूड बम फेंकने की घटना सामने आई थी। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया कि वे इलाके में तनाव और गुंडागर्दी फैला रहे हैं।
हुमायूं कबीर ने कहा, “मैंने उनकी रातों की नींद उड़ा दी है। मुर्शिदाबाद में अब तृणमूल जैसी कोई चीज नहीं रहेगी। नवादा में गुंडागर्दी हो रही है। मैं उन्हें बहारामपुर में कुर्सी से हटा दूंगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक इलाके में लोग शांतिपूर्ण तरीके से मतदान नहीं कर लेते, तब तक वह वहां से नहीं जाएंगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सके।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



