पटना, 5 मई (आईएएनएस)। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सात मई को कैबिनेट विस्तार करने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा, जिसको लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले मंत्रियों और एनडीए में शामिल घटक दलों के मंत्री कोटे को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इस बीच, एनडीए में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा कि पिछली सरकार के फॉर्मूले पर ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कहा कि बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार होना है। नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद पश्चिम बंगाल में भी नई सरकार के शपथ की तैयारी की जाएगी। उन्होंने मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को लेकर कहा, ”पिछली सरकार में जो फॉर्मूला था, उसमें बदलाव के कोई कारण दिखाई नहीं देते हैं। पिछली बार जिस तरीके से मंत्रिमंडल बना था, वह होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और जदयू के कोटे से कुछ मंत्रियों के शपथ लेना बाकी रह गया था, संभवतः इस बार वह पूरा कर लिया जाएगा।
बता दें कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समय जदयू कोटे से दो उप मुख्यमंत्री बनाए गए थे। पिछली सरकार में भाजपा के दो उप मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री थे, जबकि जदयू के खाते में मुख्यमंत्री सहित नौ मंत्री थे। इसके अलावा लोजपा (रामविलास) के दो और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के एक-एक मंत्री शामिल थे।
पिछली सरकार के संतुलन को बरकरार रखते हुए भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो के बीच पदों का बंटवारा लगभग तय है, हालांकि इस बार कई पुराने नामों की जगह नए चेहरों को मौका मिलना निश्चित माना जा रहा है। ऐसे में लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की निगाह मंत्रिमंडल विस्तार पर टिकी हुई है।
–आईएएनएस
एमएनपी/डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



