पीएम मोदी ने सभी को दी ईद उल फितर की बधाई, सभी के स्वस्थ और समृद्ध रहने की कामना की

Summary :

आज दुनियाभर के देशों में में ईद उल फितर का त्योहार मनाया जा रहा है ,हालांकि कोरोना वायरस के चलते इस बार ईद की खास रौनक देखने को नहीं मिली पर सोशल मीडिया के जरिये लोग जरूर एक दूसरे को बधाई सन्देश दे रहे है।

आज दुनियाभर के देशों में में ईद उल फितर का त्योहार मनाया जा रहा है ,हालांकि  कोरोना वायरस के चलते इस बार ईद की खास रौनक देखने को नहीं मिली पर सोशल मीडिया के जरिये लोग जरूर एक दूसरे को बधाई सन्देश दे रहे है।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ईद उल फितर के अवसर पर समस्त देशवासियों को ईद की बधाई देते हुए सभी लोगों के स्वस्थ और समृद्ध रहने की कामना की।
श्री मोदी ने ट्वीट कर कहा,”ईद उल फितर की बधाई। यह विशेष अवसर समाज में करुणा, भाईचारे और सद्भाव की भावना को और आगे बढ़ाये। सभी लोग स्वस्थ और समृद्ध रहें।”

इससे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ईद की पूर्व संध्या पर रविवार को देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति ने कहा, “यह त्योहार प्रेम, शांति, भाईचारा और सौहार्द की अभिव्यक्ति का त्योहार है। इस अवसर पर, हम समाज के सबसे कमजोर वर्गों के साथ मिलजुलकर रहने और उनकी देखभाल करने के अपने विश्वास को और पुख्ता करते हैं।” 
इससे पहले दिल्ली के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरुओं ने रविवार को लोगों से अपील की कि वे ईद मनाते समय सामाजिक मेलजोल से दूरी के नियम पर अमल के साथ-साथ लॉकडाउन नियमों का पालन करें। फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने कहा कि चांद दिख गया है और सोमवार को ईद मनायी जाएगी। उन्होंने कहा, ”हमने लोगों से एक-दूसरे को गले लगाने और हाथ मिलाने से बचने के लिए कहा है।” जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने लोगों से सादगी से ईद मनाने और गरीब लोगों तथा अपने पड़ोसियों की मदद करने की अपील की। 
उन्होंने कहा, ”कोरोना वायरस के कारण ईद की नमाज पारंपरिक तौर पर अदा नहीं की जा सकेगी, लेकिन लोगों समझना चाहिये कि केवल सावधानी बरतने से ही वायरस को हराया जा सकता है।” कोरोना वायरस के प्रसार पर नियंत्रण के लिए देश में लॉकडाउन लागू हैं और मस्जिदों समेत तमाम धार्मिक स्थल बंद हैं। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों से घर पर ही ईद की नमाज अदा करने का आग्रह किया है। 

Ujjwal Jain