PM Modi Inaugurated Namo Bharat: दिल्ली से अब मेरठ का सफर एक दम आसानी से हो सकेगा। (Delhi-Meerut Corridor) दरअसल अब 82 किलोमीटर की यात्रा 55 मिनट में पूरी हो सकेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली और मेरठ के बीच पूरे रूट पर चलने वाली नमो भारत रैपिड रेल सेवा (Namo Bharat RRTS) और मेरठ मेट्रो का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है।
इसके साथ ही सराय काले खां (दिल्ली) से मोदीपुरम (मेरठ) तक लगभग 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर अब नियमित ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। यह देश की सबसे तेज सेमी हाई-स्पीड क्षेत्रीय रेल सेवा मानी जा रही है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में आवागमन और भी आसान हो जाएगा।
Meerut Metro: मेरठ मेट्रो का भी शुभारंभ

यह ट्रेन अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है। आधुनिक तकनीक से लैस यह ट्रेन देश में क्षेत्रीय परिवहन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने मेट्रो में सफर कर छात्रों से बातचीत की। इस दौरान स्कूली बच्चों और कॉलेज के छात्रों ने उनसे कई सवाल पूछे। मेरठ शहर के लिए यह मेट्रो सेवा सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
PM Modi Meerut Visit: सराय काले खां बना मल्टी-इंटीग्रेटेड ट्रांजिट हब

दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन को एक आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए स्मार्ट टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। साथ ही क्यूआर कोड आधारित टिकट की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे टिकट लेने की प्रक्रिया आसान और तेज हो गई है। भविष्य में यहां से दिल्ली-अलवर और दिल्ली-करनाल रैपिड रेल को जोड़ने की योजना है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर छह प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं।
PM Modi Inaugurated Namo Bharat: आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन

नमो भारत रैपिड रेल में यात्रियों के आराम का विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में प्रीमियम कोच की सुविधा दी गई है, जहां मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध हैं। खिड़कियों पर धूप से बचाव के लिए ब्लाइंड लगाए गए हैं। ट्रेन का ड्राइवर कंसोल पूरी तरह डिजिटल है, जिससे संचालन अधिक सुरक्षित और सटीक हो सके।
महिलाओं को विशेष प्राथमिकता
इस सेवा में महिला सशक्तिकरण पर खास जोर दिया गया है। बताया गया है कि ड्राइवर स्टाफ का बड़ा हिस्सा महिलाएं होंगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए विशेष कोच की व्यवस्था की गई है, ताकि वे सुरक्षित और आरामदायक यात्रा कर सकें।
यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं
ट्रेन के कोच में पर्याप्त जगह दी गई है, ताकि खड़े होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी न हो। सामान रखने के लिए अलग से स्थान बनाया गया है। पानी की बोतल रखने की सुविधा, मैगजीन होल्डर और पैरों को आराम देने के लिए फुट-रेस्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
कुल मिलाकर, नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो की शुरुआत दिल्ली-एनसीआर में आधुनिक, तेज और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक अहम कदम है। इससे रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी का यूपी दौरा आज, मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी






















