देश में हर किसी तक शिक्षा पहुंचाने के बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं। यह बात शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अनुसूचित जाति के बच्चों को जो कभी स्कूल नहीं गए, उन्हें शिक्षा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षा के लिए पहले बजट 1100 करोड़ रुपये था लेकिन अब यह 6000 करोड़ रुपये हो गया है।
गौतम ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मोदी, बाबा साहब आंबेडकर के हर किसी को शिक्षा देने के सपने को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने दलितों को नौकरी देने वाला बनाने का संकल्प लिया है और पहले कार्यकाल के दौरान इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। अब उन्हें आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने के लिए काम हो रहा है।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले छह वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए काम किया है।
इसने केंद्र की योजना ‘अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए मैट्रिक के बाद छात्रवृत्ति’ में बड़ा बदलाव किया है ताकि आगामी पांच वर्षों में पांच करोड़ से अधिक एससी छात्रों को फायदा मिल सके। उतर पश्चिम दिल्ली के सांसद हंसराज हंस ने कहा कि आंबेडकर के पदचिह्नों पर चलते हुए मोदी के नेतृत्व में दलित समाज के लिए कई निर्णय किए गए।


Download Android App
Download iOS App



