जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को लोगों के बीच पहुंच गए और उनसे बातचीत की। बारिश के चलते योग का कार्यक्रम शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (SKICC) में कराया गया। योग कार्यक्रम की अगुवाई खुद PM मोदी ने की। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कन्वेंशन सेंटर के लॉन में PM मोदी पहुंच गए जहां करीब 40 मिनट तक उन्होंने लोगों से बात की।
- श्रीनगर में योग दिवस कार्यक्रम के बाद PM मोदी लोगों के बीच पहुंच गए
- इस दौरान PM ने लोगों के साथ बात की
- बारिश के चलते योग कार्यक्रम SKICC में कराया गया
- योग कार्यक्रम की अगुवाई खुद PM मोदी ने की
युवाओं के साथ ली सेल्फी
प्रधानमंत्री जब लोगों से बातचीत करने के लिए बाहर आए तो बारिश भी रुक गई। जब वे लोगों के बीच से गुजरे तो लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पंक्तियों के बीच से चलते हुए वो कई बार रुके और लोगों के अभिवादन का मुस्कुरा कर जवाब दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कुछ युवाओं के साथ सेल्फी भी ली। श्रीनगर में सुबह हुई बारिश के बावजूद योग दिवस समारोह शानदार तरीके से मनाया गया।
PM मोदी ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार के ऐतिहासिक कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर से 50,000 से 60,000 लोगों की भागीदारी पर खुशी जताई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज पूरी दुनिया में योग करने वालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है और योग के प्रति लोगों का आकर्षण भी लगातार बढ़ रहा है। PM मोदी ने यहां के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह का नेतृत्व किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुझे योग और साधना की भूमि कश्मीर में आने का सौभाग्य मिला है। योग से हमें जो शक्ति मिलती है श्रीनगर में हम उसे महसूस कर रहे हैं। मैं देश के सभी लोगों को और दुनिया के कोने-कोने में योग कर रहे लोगों को कश्मीर की धरती से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देता हूं।’’
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





