चक्रवात ‘वायु’ के गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ की ओर बढ़ने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोगों को सुरक्षित रहने के लिए स्थानीय एजेंसियों द्वारा मुहैया कराई जा रही जानकारी का अनुसरण करते रहने के लिए कहा है।

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा है, ‘‘चक्रवात वायु से प्रभावित होने वाले सभी लोगों की सुरक्षा और हित के लिए प्रार्थना करता हूं। सरकार और स्थानीय एजेंसी जानकारी मुहैया करा रही हैं, जिसका मैं प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों से अनुसरण करने का अनुरोध करता हूं।’’ आईएमडी ने बताया, ‘‘चक्रवात वायु बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसके कारण बृहस्पतिवार सुबह में 145 से 170 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।’’

आईएएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी तट पर रह रहे लोगों को एहतियातन वहां से निकालने के लिए भारतीय वायु सेना की मदद से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें गुजरात पहुंचने लगी है। आईएमडी ने बताया कि चक्रवात के कारण अरब सागर में लहरें उठ रही हैं और ये तटीय इलाकों की ओर बढ़ रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



