PM मोदी ने ट्रंप को दिया धन्यवाद, कहा- दुनिया को कोविड-19 मुक्त बनाने के लिए साथ काम करना महत्वपूर्ण

Summary :

पीएम मोदी ने ट्रंप को धन्यवाद दिया और कहा कि संकट के इस समय में दुनिया को स्वस्थ और कोविड-19 मुक्त बनाने के लिये राष्ट्रों के लिये जितना संभव हो सके मिलकर काम करना महत्वपूर्ण है।

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) संकट के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को वेंटिलेटर्स दान करने की घोषणा की। ट्रम्प के इस घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया आयी है। पीएम मोदी ने ट्रंप को धन्यवाद दिया और कहा कि संकट के इस समय में दुनिया को स्वस्थ और कोविड-19 मुक्त बनाने के लिये राष्ट्रों के लिये जितना संभव हो सके मिलकर काम करना महत्वपूर्ण है। 

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि “‘धन्यवाद राष्ट्रपति ट्रंप। कोरोना महामारी सामूहिक रूप से हम सभी द्वारा लड़ी जा रही है। ऐसे समय में राष्ट्रों को एक साथ काम करने और दुनिया को स्वस्थ बनाने और कोविड-19 से मुक्त करने के लिए जितना संभव हो उतना काम करना जरूरी है। भारत और अमेरिका की दोस्ती अधिक शक्ति मिले।”

बता दें ट्रंप ने भारत को वेंटिलेटर्स दान करने की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को अपना ‘‘अच्छा मित्र’’ बताया। उन्होंने दोनों देशों के बीच नजदीकी साझेदारी का जिक्र किया। ट्रम्प ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है कि अमेरिका भारत में हमारे मित्रों को वेंटिलेटर्स दान करेगा।’’

औरैया हादसा : योगी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये मुआवजे देने का किया ऐलान, घायलों को 50 हजार की मदद

हालांकि व्हाइट हाउस ने अभी यह नहीं बताया कि कितने वेंटिलेटर दान किए जाएंगे। कैंप डेविड जाने के लिए मरीन वन में सवार होने से पहले ट्रम्प ने बताया, ‘‘हम भारत में बहुत सारे वेंटिलेटर्स भेज रहे हैं। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है। हमारे पास वेंटिलेटरों की बढ़िया आपूर्ति है।’’
ट्रम्प के अनुरोध पर पिछले महीने भारत ने अमेरिका में कोविड-19 के मरीजों इलाज के लिए हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन की पांच करोड़ गोलियां भेजी थीं। इससे पहले ट्रम्प ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने फरवरी में अपनी नई दिल्ली, अहमदाबाद तथा आगरा की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘भारत महान देश है और आप जानते हैं कि आपके प्रधानमंत्री मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। ’’

Desk Team