प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ करने के लिए रविवार को असम और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे।
ट्वीट्स की एक श्रृंखला में, मोदी ने दो चुनावी राज्यों की अपनी यात्राओं का विवरण साझा किया। असम और पश्चिम बंगाल में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होंगे।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘मैं कल (रविवार को) असम के लोगों के बीच रहूंगा। सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली में एक कार्यक्रम में, ‘असोम माला’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जो राज्य के सड़क बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देगा। यह पहल असम की आर्थिक प्रगति और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में योगदान करेगी।’
प्रधानमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘बिश्वनाथ और चराइदेव में मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के लिए आधारशिला रखी जाएगी। यह असम के स्वास्थ्य ढांचे को बढ़ावा देगा। पिछले कुछ वर्षो में, राज्य ने स्वास्थ्य देखभाल में तेजी से प्रगति की है। इससे न केवल असम बल्कि पूरे उत्तर पूर्व में लाभ हुआ है।’
पश्चिम बंगाल में अपने कार्यक्रमों का विवरण साझा करते हुए, मोदी ने कहा, ‘कल (रविवार) शाम को, मैं पश्चिम बंगाल के हल्दिया में रहूंगा। एक कार्यक्रम में मैं देश को बीपीसीएल द्वारा निर्मित एलपीजी इंपोर्ट टर्मिनल समर्पित करूंगा और मैं प्रधान मंत्री ऊर्जा गंगा परियोजना के डोभी-दुर्गापुर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन खंड को भी समर्पित करूंगा।’
उन्होंने कहा, ‘हल्दिया रिफाइनरी की दूसरी कैटेलिटिक-इसोडेवैक्सिंग इकाई की आधारशिला रखी जाएगी। एनएच 41 पर हल्दिया के रानीचक में एक फोर-लेन आरओबी-कम-फ्लाईओवर का भी उद्घाटन किया जाएगा।’


Download Android App
Download iOS App



