केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार देश के पहले स्मार्ट और हरित राजमार्ग ‘पूर्वी बाहरी एक्सप्रेसवे’ (ईपीई) का कल उद्घघाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री इसके साथ ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर खुली जीप में यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री का ‘रोड शो’ निजामुद्दीन ब्रिज से शुरू होगा। यह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का लगभग नौ किलोमीटर का पहला चरण है। इस पर छह किलोमीटर की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर से बागपत जाने का कार्यक्रम है जहां वह पूर्वी बाहरी एक्सप्रेसवे को देश को समर्पित करेंगे।
सड़क परिवहन, राजमार्ग और पोत परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कल यहां कहा, ‘‘प्रधानमंत्री दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर छह किलोमीटर खुले जीप पर यात्रा करेंगे… प्रधानमंत्री वहां प्रदर्शनी तथा 3डी माडल का उद्घघाटन करेंगे और वहां से ईपीई राष्ट्र को समर्पित करने के लिये बागपत जाएंगे।’’
मंत्री ने कहा कि कुल 135 किलोमीटर लंबे ईपीई पर 11,000 करोड़ रुपये की लागत आयी है। यह देश का पहला राजमार्ग है जहां सौर बिजली से सड़क रोशन होगी। इसके अलावा प्रत्येक 500 मीटर पर दोनों तरफ वर्षा जल संचयन की व्यवस्था होगी। साथ ही इसमें 36 राष्ट्रीय स्मारकों को प्रदर्शित किया जाएगा तथा 40 झरने होंगे। इसे रिकार्ड 500 दिनों में पूरा किया गया है। इस एक्सप्रेस वे पर 8 सौर संयंत्र हैं जिनकी क्षमता 4 मेगावाट है। प्रधानमंत्री ने इस परियोजना के लिये आधारशिला पांच नवंबर 2015 को रखी थी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



