PM Modi Tribute: आज 2 अक्टूबर को गांधी और शास्त्री जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ‘आत्मनिर्भर’ और ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करेगा। पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि भी अर्पित की।
Mahatma Gandhi: पीएम ने बताया गांधी का साहस और सादगी महान

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “गांधी जयंती पर हम अपने प्यारे बापू के असाधारण जीवन को याद करते हैं, जिनके आदर्शों ने मानव इतिहास को बदल दिया। उन्होंने दिखाया कि कैसे साहस और सादगी महान बदलाव का जरिया बन सकते हैं। वे सेवा और करुणा की शक्ति पर विश्वास करते थे, क्योंकि वे लोगों को सशक्त बनाने का एक जरूरी तरीका थे। विकसित भारत के निर्माण के हमारे लक्ष्य में हम उनके बताए रास्ते पर ही चलते रहेंगे।”
Delhi Rajghat: गांधी के आजीवन समर्पण के लिए किया जाता है याद
महात्मा गांधी को ‘गांधी जयंती’ पर सत्य, अहिंसा और सामाजिक न्याय के प्रति उनके आजीवन समर्पण के लिए याद किया जाता है। यह दिन न केवल उनकी शांति और नैतिक जीवन की विचारधारा का सम्मान करता है, बल्कि विश्व स्तर पर अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
Gandhi Jayanti: पीएम मोदी ने गांधी के साथ शास्त्री को भी दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने महात्मा गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, “लाल बहादुर शास्त्री एक महान राजनेता थे, जिनकी ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प ने भारत को मजबूत किया। उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय में भी नेतृत्व, शक्ति और निर्णायक कार्यवाही का उदाहरण प्रस्तुत किया। ‘जय जवान जय किसान’ का उनका नारा हमारे लोगों में देशभक्ति की भावना जगाता है।
वे आज भी एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के हमारे प्रयासों में हमें प्रेरित करते रहते हैं।”बता दें कि लाल बहादुर शास्त्री का 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में जन्म हुआ था। लाल बहादुर शास्त्री 1964 में जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद भारत के दूसरे प्रधानमंत्री बने थे।
President Murmu: जीवन मूल्यों के प्रति खुद को पुनः समर्पित करने का अवसर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले, गांधी जयंती पर अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “गांधी जयंती हम सभी के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों और जीवन मूल्यों के प्रति खुद को पुनः समर्पित करने का अवसर है। गांधीजी ने दुनिया को शांति, सहिष्णुता और सच्चाई के मार्ग पर चलने का संदेश दिया, जो समस्त मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने जीवन भर छुआछूत, अशिक्षा, नशाखोरी और अन्य सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए संघर्ष किया। अपने दृढ़ संकल्प से उन्होंने समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति को भी शक्ति और सामर्थ्य प्रदान किया।”
ये भी पढ़ें: भारत के दो महानायक का जन्मदिन आज, पढ़ें बहादुर और बापू के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातें


Download Android App
Download iOS App






